



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रदेश की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े त्योहारों और पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए और किसी भी संवेदनशील स्थिति पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी विवाद, तनाव या अन्य घटना के कारण किसी क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है तो संबंधित पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लें। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में बारावफात, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे बड़े त्योहार और पर्व हैं। इन अवसरों पर भीड़, धार्मिक आयोजन, जुलूस और यातायात दबाव बढ़ने की संभावना रहती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक जिले में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए अलग-अलग तैयारी की जाए। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनसहभागिता और आमजन से प्रभावी समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और प्रशासन के बीच संवाद मजबूत होने से छोटी-बड़ी घटनाओं की जानकारी समय पर मिल सकेगी। इससे पुलिस और प्रशासन को किसी भी संभावित विवाद या तनाव की स्थिति बनने से पहले आवश्यक कदम उठाने में मदद मिलेगी। त्योहारी सीजन में बाजारों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग पहले से समन्वित योजना तैयार करें। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी रहे। वरिष्ठ अधिकारी फील्ड की स्थिति पर लगातार नजर रखें और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारी माहौल में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत सहित पुलिस और गृह विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बारावफात से गणेश चतुर्थी तक सुरक्षा पर विशेष नजर
जनसहभागिता से मिलेगी समय पर जानकारी
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी बनेगा अलग प्लान
संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के निर्देश
DGP और ACS गृह रहे मौजूद