



जयपुर। जयपुर जिले के फागी क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। सरमथुरा-फलौदी मेगा हाईवे पर माधोराजपुरा रोड के पास तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। देर रात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई।
जानकारी के अनुसार, फागी के धामुनियों का मोहल्ला निवासी सत्यनारायण कुम्हार अपनी पत्नी और दो पुत्रवधुओं के साथ खेत से लाई गई मूंग की पूळियां सड़क किनारे सुखा रहे थे। रात करीब साढ़े सात बजे तेज रफ्तार में आ रही एसयूवी ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों करीब 20 फीट दूर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार हादसे में अमृता (30) पत्नी बद्री, शिमला (25) पत्नी सुरेश, मनमोज (55) पत्नी सत्यनारायण और सत्यनारायण (60) पुत्र पांचूराम कुम्हार की मौके पर ही मौत हो गई।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही गांव और मोहल्ले में मातम छा गया।
फागी पुलिस ने चारों शवों को फागी उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल के बाहर जमा हो गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
धरना और जाम की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल डोरिया और थानाधिकारी पुष्पेंद्र बंसीवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की।
ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद रात करीब 10 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा और उपखंड अधिकारी बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। बातचीत के बाद ग्रामीण शांत हुए।
हादसे में जान गंवाने वाली अमृता के दो बच्चे हैं—प्रियंका (15) और हिमांशु (13)। परिवार के अनुसार अमृता के पांच वर्षीय बेटे की कुछ साल पहले एक सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी।
वहीं शिमला नर्सिंग की पढ़ाई कर चुकी थी। उसकी आठ महीने की बेटी वंशिका है। शिमला का पति सुरेश जयपुर की एक ज्वेलरी कंपनी में कार्यरत है। एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।