Saturday, 22 August 2026

जवाहर कला केंद्र में सजा फोटोग्राफी का महाकुंभ, ‘नजर’ प्रदर्शनी में फोटो और पेंटिंग का संगम


जवाहर कला केंद्र में सजा फोटोग्राफी का महाकुंभ, ‘नजर’ प्रदर्शनी में फोटो और पेंटिंग का संगम

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जवाहर कला केंद्र की सहभागिता में आयोजित ‘नजर फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन’ के पांचवें सीजन का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। 21 से 23 अगस्त तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में देश-विदेश के विभिन्न स्थानों के साथ राजस्थान की संस्कृति, प्रकृति, वन्यजीवन और जनजीवन से जुड़ी चुनिंदा तस्वीरों के साथ पेंटिंग्स भी प्रदर्शित की गई हैं।

प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने फीता खोलकर और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगी तस्वीरों और पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा फोटोग्राफर्स और कलाकारों के रचनात्मक दृष्टिकोण की सराहना की।

डीजीपी बोले- फोटोग्राफी किसी क्षण, भाव और कहानी को सहेजने की कला

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि फोटोग्राफी केवल तस्वीर खींचने की कला नहीं है, बल्कि किसी क्षण, भाव और कहानी को सहेजने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां कलाकारों की रचनात्मकता को सामने लाने के साथ समाज को अलग-अलग दृष्टिकोणों से देखने का अवसर देती हैं।

उन्होंने ‘नजर’ प्रदर्शनी में फोटोग्राफी और पेंटिंग के संगम की सराहना की। खास तौर पर प्रकृति और वन्यजीवन से जुड़ी तस्वीरों को देखते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी रचनाएं लोगों को पर्यावरण और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

पवन अरोड़ा बोले- तस्वीर में फोटोग्राफर की सोच भी दिखाई देती है

रिटायर्ड आईएएस पवन अरोड़ा ने कहा कि ‘नजर’ जैसी प्रदर्शनियां फोटोग्राफी और कला से जुड़े लोगों को अपनी रचनात्मकता साझा करने का बेहतर मंच देती हैं।

उन्होंने कहा कि तस्वीरों में केवल दृश्य ही नहीं, बल्कि फोटोग्राफर की सोच, संवेदना और उस क्षण को देखने का नजरिया भी दिखाई देता है। फोटोग्राफी के साथ पेंटिंग को शामिल करना इस प्रदर्शनी को और खास बनाता है।

वन्यजीवन की तस्वीरों ने खींचा ध्यान

प्रदर्शनी में आईएएस डॉ. जितेंद्र सोनी, आईएफएस अरिजीत बनर्जी और पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त निदेशक (प्रचार) एवं वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर डॉ. कमलेश शर्मा की वन्यजीवन सहित विभिन्न विषयों पर आधारित तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।

इनके अलावा जयपुर और राजस्थान के कई फोटो जर्नलिस्ट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, विद्यार्थी और पेंटिंग आर्टिस्ट भी अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के साथ प्रदर्शनी में शामिल हुए हैं।

दिनभर दर्शकों का लगा रहा तांता

प्रदर्शनी को देखने के लिए दिनभर कलाप्रेमियों और शहरवासियों की आवाजाही बनी रही। इस दौरान आईएएस शुचि त्यागी, पवन गोयल, अर्चना सुराणा, डॉ. विवेक शर्मा, जे.डी. माहेश्वरी, दीपेंद्र राणा, सुधीर माथुर, अनूप श्रीवास्तव, आनंद पोद्दार, नरेंद्र रावत और अनुपमा सोनी सहित कई विशिष्ट जनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

अतिथियों ने तस्वीरों और पेंटिंग्स की सराहना करते हुए कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा की।

फोटोग्राफर्स और कलाकारों को साझा मंच

आयोजक रेणुका कुमावत, संजय कुमावत, अदिति अग्रवाल और डॉली अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रदर्शनी में प्रदर्शित रचनाओं की विषयवस्तु की जानकारी दी।

रेणुका कुमावत ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य फोटोग्राफर्स, फोटो जर्नलिस्ट और पेंटिंग आर्टिस्ट को एक साझा मंच उपलब्ध कराना और आमजन को कला व फोटोग्राफी की विभिन्न विधाओं से रूबरू कराना है।

प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। तीनों दिन दर्शकों के लिए विभिन्न गतिविधियों के साथ इनाम जीतने के अवसर भी उपलब्ध रहेंगे।

Previous
Next

Related Posts