



33 थानाधिकारियों के थाना क्षेत्र बदले, दो SHO लाइन हाजिर, पुलिस मुख्यालय ने भी 12 निरीक्षकों के ट्रांसफर किए
जयपुर। राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले तबादलों का दौर तेज हो गया है। पिछले करीब एक सप्ताह में विभिन्न विभागों में सैकड़ों अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण किए जा चुके हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में 33 पुलिस इंस्पेक्टरों के तबादले किए गए।
आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए लंबे समय से एक ही क्षेत्र में पदस्थ अधिकारियों को बदलने की प्रक्रिया की गई है। तबादला सूची में ज्यादातर थानाधिकारियों के थाना क्षेत्र बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन, अपराध शाखा, CST और आयुक्तालय में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने मंगलवार को 33 पुलिस निरीक्षकों की तबादला सूची जारी की। संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द नई पोस्टिंग पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। तबादलों को प्रशासनिक पुनर्संयोजन और आगामी चुनावी व्यवस्थाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूची में खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई और सदर थानाधिकारी बृजमोहन कविया को रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है।
प्रकाश राम विश्नोई को खोह नागोरियान से रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं बृजमोहन कविया को सदर थाने से रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है।
जयपुर कमिश्नरेट की सूची के अलावा राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने भी प्रशासनिक आधार और स्वयं की प्रार्थना पर 12 पुलिस निरीक्षकों के स्थानांतरण किए हैं।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, कार्मिक बीजू जॉर्ज जोसफ की ओर से 18 अगस्त को जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
इनमें सन्तरा मीणा को जयपुर आयुक्तालय से SOG जयपुर, अन्जू कुमारी को कोटा रेंज, प्रेम कुमार शर्मा को उदयपुर रेंज और ओमवीर सिंह को अजमेर रेंज भेजा गया है।
वहीं अनिल कुमार टेलर को कोटा रेंज से जयपुर आयुक्तालय में लगाया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने जून और जुलाई 2026 में जारी कुछ पुराने तबादला आदेशों में शामिल निरीक्षकों के स्थानांतरण निरस्त किए हैं।
नए आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों की वर्तमान पदस्थापन स्थिति अब संशोधित आदेश के अनुसार प्रभावी होगी।
पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन पुलिस निरीक्षकों के खिलाफ ACB प्रकरण या 16 CCA के तहत कार्रवाई विचाराधीन अथवा प्रस्तावित है, उन्हें फील्ड में पदस्थापित नहीं किया जाएगा।
ऐसे मामलों की जानकारी पुलिस मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले विभिन्न विभागों में तबादलों की रफ्तार तेज हुई है। लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को बदलने के साथ प्रशासनिक ढांचे को चुनावी व्यवस्थाओं के अनुरूप पुनर्गठित किया जा रहा है। जयपुर कमिश्नरेट में 33 निरीक्षकों और पुलिस मुख्यालय स्तर पर 12 निरीक्षकों के तबादले इसी व्यापक फेरबदल का हिस्सा माने जा रहे हैं।

