



प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रंधावा, डोटासरा, रामकेश मीणा और चिरंजीव राव सहित वरिष्ठ नेताओं ने जारी किया पोस्टर
जयपुर। राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने इच्छुक दावेदारों के लिए ऑनलाइन उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इस प्रक्रिया से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया।
पोस्टर का विमोचन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा, सह-प्रभारी चिरंजीव राव, पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में किया गया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शुरू की गई इस प्रक्रिया के तहत नगर निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ता और दावेदार ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन कर सकेंगे।
कांग्रेस का उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना तथा अलग-अलग नगर निकायों से आने वाले दावेदारों की जानकारी एक जगह एकत्रित करना है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से पार्टी दावेदारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि, संगठनात्मक सक्रियता, स्थानीय स्तर पर पकड़ और चुनावी दावेदारी से जुड़ी जानकारी जुटाएगी। इसके बाद जिला और प्रदेश स्तर पर फीडबैक के आधार पर संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जाएगा।
प्रदेश में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांग्रेस ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी पहले ही युवा और जिताऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय संगठन की राय के आधार पर टिकट चयन की बात कह चुकी है।
अब ऑनलाइन आवेदन शुरू होने से नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिकाओं में चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं की दावेदारी औपचारिक रूप से सामने आ सकेगी।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रंधावा, डोटासरा, रामकेश मीणा और चिरंजीव राव के साथ पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से निकाय चुनावों में सक्रिय भागीदारी करने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।