


राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का किया शिलान्यास, मुख्यमंत्री बोले—तिरंगा हमारी राष्ट्रीय चेतना, गौरव और इतिहास की पहचान
श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को सादुलशहर में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर अंबेडकर सर्किल से अरूट चौक तक यात्रा में भागीदारी की। इस दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और उत्साह का माहौल रहा।
तिरंगा यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने सादुलशहर में राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का शिलान्यास किया। वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने चूनावढ़ में मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि तिरंगा यात्राओं में नागरिकों का जोश और जुनून इस बात का प्रमाण है कि तिरंगा हमारे दिलों में बसता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता से जुड़े इतिहास की पहचान है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित तिरंगा यात्राएं नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्र सेवा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे के साथ राजस्थान का भी गहरा संबंध रहा है। आजाद भारत में फहराए गए पहले तिरंगे के लिए खादी का कपड़ा दौसा के आलूदा गांव के बुनकरों ने बुना था और गोविंदगढ़ में उसे रंगकर तिरंगे का स्वरूप दिया गया था।
उन्होंने कहा कि यह इतिहास राजस्थान के लिए गौरव का विषय है और नई पीढ़ी को इसकी जानकारी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2022 से शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का अभियान राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने की भावना को समर्पित है।
उन्होंने विभाजन विभीषिका दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी से लाखों लोग प्रभावित हुए और सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का जीवन हमेशा के लिए बदल गया।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने सादुलशहर क्षेत्र के चूनावढ़ में मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर दूध संग्रहण और शीतकरण की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा से पहले सादुलशहर में राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नवीन भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, विधायक गुरवीर सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।