


2 बीएनएम स्थित बॉर्डर आउटपोस्ट और सैन्य हथियार प्रदर्शनी का किया अवलोकन, अर्जुनराम मेघवाल, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और बीएसएफ आईजी डॉ. विकास पाठक रहे मौजूद
श्रीगंगानगर/अनूपगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में स्थित 2 बीएनएम बीएसएफ चौकी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बॉर्डर आउटपोस्ट का निरीक्षण किया और सैन्य हथियार प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों से संवाद करते हुए उनके साहस, अनुशासन और देशसेवा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमा पर सजग प्रहरी के रूप में तैनात सीमा सुरक्षा बल देशभक्ति और शक्ति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने बॉर्डर आउटपोस्ट की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा। इस दौरान बीएसएफ अधिकारियों ने उन्हें चौकी की कार्यप्रणाली और सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सैन्य हथियार प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने बीएसएफ द्वारा सीमा सुरक्षा में इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न हथियारों और उपकरणों के बारे में जानकारी ली।
जवानों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करना गौरव और समर्पण का कार्य है। उन्होंने बीएसएफ जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना की प्रशंसा की।
इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, बीएसएफ आईजी डॉ. विकास पाठक सहित बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।