



अजमेर। राजस्थान में प्रस्तावित नगरीय निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राजस्थान सरकार के राजस्व मंडल, अजमेर ने 46 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं।
राजस्व मंडल की ओर से यह आदेश 13 अगस्त 2026 को जारी किया गया। आदेश में निर्वाचन विभाग के 20 जुलाई 2026 और 21 जुलाई 2026 के आदेशों का उल्लेख करते हुए प्रशासनिक कारणों से अधिकारियों को उनके नाम के सामने अंकित नए स्थानों पर पदस्थापित किया गया है। तबादला सूची में जयपुर, सीकर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, अजमेर, ब्यावर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, प्रतापगढ़, झालावाड़, उदयपुर, श्रीगंगानगर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत अधिकारी शामिल हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावित नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के मद्देनजर स्थानांतरित अधिकारियों को वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर बिना कार्यग्रहणकाल/अवकाश के तत्काल नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।इसके साथ ही संबंधित विभागाध्यक्ष और जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिकारी के रिलीव होने और नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने की रिपोर्ट तत्काल राजस्व मंडल को भेजी जाए। आदेशों की पालना नहीं होने की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। संबंधित अधिकारी स्वयं इसके लिए उत्तरदायी होंगे।
सूची के अनुसार मनीषा शर्मा को उप पंजीयक जयपुर-तृतीय से उप पंजीयक दौसा द्वितीय, अभिषेक यादव को उप पंजीयक सीकर से उप पंजीयक जयपुर-तृतीय और मोनिका शर्मा को उप पंजीयक अलवर-द्वितीय से उप पंजीयक कोटपूतली जिला कोटपूतली-बहरोड़ लगाया गया है।
इसी तरह पायल अग्रवाल को उप पंजीयक सूरतगढ़ से उप पंजीयक बीकानेर-द्वितीय, विपुल चौधरी को उप पंजीयक जयपुर-दशम से उप पंजीयक फागी और अन्नू शर्मा को तहसीलदार बसवा, दौसा से उप पंजीयक अलवर द्वितीय पद पर लगाया गया है। आदेश में तहसीलदार स्तर पर भी बड़ी संख्या में बदलाव किए गए हैं। अधिकारियों को जैसलमेर, गंगानगर, अजमेर, कोटा, बूंदी, प्रतापगढ़, झालावाड़, उदयपुर, जोधपुर, पाली और अन्य जिलों में नए पदों पर लगाया गया है।
तबादला आदेश सीधे तौर पर प्रस्तावित नगरीय निकाय और पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों से जुड़ा है। निर्वाचन विभाग के निर्देशों के बाद राजस्व मंडल ने अधिकारियों की नई पदस्थापन सूची जारी की है। आदेश की प्रतियां निर्वाचन विभाग, राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्व मंडल अध्यक्ष कार्यालय, संबंधित संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं।


