



अलवर समारोह पर रहेंगी खास नजरें—वन मंत्री संजय शर्मा और कलक्टर अर्तिका शुक्ला एक मंच पर होंगे, 16 जिलों में कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
जयपुर। राजस्थान में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय मुख्य समारोह बीकानेर में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के 23जिला मुख्यालयों पर मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराएंगे।
जिला स्तरीय समारोहों में सबसे अधिक राजनीतिक नजर अलवर पर रहने वाली है। यहां वन मंत्री संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे, जबकि जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला समारोह की मुख्य मेजबान होंगी।
अलवर का कार्यक्रम इसलिए चर्चा में है क्योंकि 12 अगस्त को वन मंत्री संजय शर्मा ने जिला कलेक्टर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए धरना दिया था। अब स्वतंत्रता दिवस समारोह में दोनों को प्रोटोकॉल के तहत एक साथ मंच साझा करना होगा।
प्रोटोकॉल के अनुसार कलेक्टर मंत्री की अगवानी और स्वागत करेंगी। ध्वजारोहण, सलामी और अन्य औपचारिक कार्यक्रमों में दोनों साथ मौजूद रहेंगे।
दोनों उपमुख्यमंत्रियों और तीन मंत्रियों को छोड़कर बाकी 18 मंत्री अपने-अपने गृह जिलों में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर अपने गृह जिले कोटा की बजाय बूंदी, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा बीकानेर की बजाय हनुमानगढ़ और जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत अजमेर की बजाय भरतपुर में ध्वजारोहण करेंगे।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी अजमेर में जिला स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराएंगी। वहीं उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भीलवाड़ा में ध्वजारोहण करेंगे।
जालोर में सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
जिन जिलों में मंत्री या अन्य निर्धारित जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि नहीं होंगे, वहां जिला कलेक्टर ध्वजारोहण करेंगे।
इनमें झालावाड़, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चूरू, झुंझुनूं, दौसा, करौली, धौलपुर, जैसलमेर, बालोतरा, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सलूंबर और श्रीगंगानगर शामिल हैं।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह बीकानेर में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा यहां मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।