



नगर निगम की सफाई व्यवस्था, जलभराव, टूटी सड़कों और बंद रोड लाइटों के विरोध में निकाली रैली, निगम मुख्यालय से पहले पुलिस ने रोका
जयपुर। जयपुर में सोमवार को कांग्रेस की ‘हिसाब मांगो रैली’ के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता घायल होकर बेहोश हो गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने संभाला।
कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता नेहरू पैलेस, टोंक रोड से जयपुर नगर निगम मुख्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नारेबाजी की।
रैली जैसे ही नगर निगम मुख्यालय की ओर बढ़ी, पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड्स लगाकर कार्यकर्ताओं को रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के बीच कई कार्यकर्ताओं को पीछे हटना पड़ा। इसी दौरान एक महिला कार्यकर्ता घायल होकर बेहोश हो गई।
कांग्रेस कार्यकर्ता जयपुर नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप है कि शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है और कई इलाकों में कचरा, जलभराव तथा जाम सीवर की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा टूटी सड़कों और बंद रोड लाइटों को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन उनका समय पर समाधान नहीं हो रहा।
कांग्रेस की ओर से यह प्रदर्शन ‘हिसाब मांगो रैली’ के तहत आयोजित किया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम से शहर में किए गए विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर जवाब मांगा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल की बड़ी संख्या में तैनाती रही। बैरिकेड्स के आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास बैरिकेड पर चढ़ गए। भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कें नहीं बनी हैं। बारिश के बाद हालात खराब हैं। इससे पूरे जयपुर शहर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
खाचरियावास ने कहा- यदि शहर की सफाई व्यवस्था और बरसाती पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस का आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस कितनी भी लगा लो, बैरिकेड लगा लो, लेकिन जनता की आवाज नहीं दबा सकते। जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
उन्होंने कहा- गोली का जवाब गोली से देंगे, लाठी का जवाब लाठी से देंगे। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।