



जयपुर। राजस्थान के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की सुरक्षा में तैनात पीएसओ मुकेश कुमार को गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार का एक बैग गुम हो गया था, जिसमें उनकी सरकारी पिस्टल, 10 कारतूस, पुलिस की वर्दी और पहचान पत्र सहित अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।
मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सरकारी हथियार और कारतूस के इस तरह लापता होने को सुरक्षा की दृष्टि से बेहद गंभीर माना गया। प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद पीएसओ मुकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
गनीमत रही कि गुम हुआ बैग बाद में जयपुर के जेपी फाटक क्षेत्र के पास सुरक्षित मिल गया। जानकारी के अनुसार, बैग चाकसू थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी के परिचित व्यक्ति को मिला था। बैग की जांच करने पर उसमें सरकारी पिस्टल, कारतूस, पुलिस की वर्दी और आईडी कार्ड सहित अन्य सामान सुरक्षित पाया गया। इसके बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और बैग को पुलिस के सुपुर्द किया गया। हथियार और कारतूस सुरक्षित मिलने से पुलिस ने राहत की सांस ली, हालांकि घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए विभागीय कार्रवाई की गई।
पुलिसकर्मियों को जारी सरकारी हथियार और गोला-बारूद की सुरक्षा की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होती है। ऐसे में सरकारी पिस्टल और कारतूस से भरा बैग गुम होने की घटना को उच्च अधिकारियों ने गंभीर माना है। प्रकरण में अब विभागीय जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि बैग किन परिस्थितियों में गुम हुआ, पीएसओ ने घटना की जानकारी अधिकारियों को कब दी और सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।