



जयपुर। स्वाधीनता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा कला, साहित्य एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का रविवार को राजधानी जयपुर में भव्य आगाज हुआ। इस अवसर पर ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक विशाल ‘तिरंगा रैली’ निकाली गई, जिसमें देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन शामिल हुए।
तिरंगा रैली के शुभारंभ से पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शहीद स्मारक स्थित अमर जवान ज्योति पहुंचकर राष्ट्र के वीर सपूतों और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। इसके बाद नड्डा अल्बर्ट हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
तिरंगा रैली अल्बर्ट हॉल से रवाना होकर रामनिवास बाग निकास द्वार, सांगानेरी गेट और जौहरी बाजार से होते हुए ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर तिरंगे के रंग में रंगे लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष करते नजर आए।
रैली में समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक भागीदारी रही। भारतीय सेना के जवान, राजस्थान पुलिस बल, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, खिलाड़ी, व्यापार संघों के पदाधिकारी, पेंशनर्स और विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राजस्थान की वीर भूमि को नमन करते हुए प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने जयपुर के आराध्य गोविंद देवजी और मोती डूंगरी गणेशजी को प्रणाम करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की।
नड्डा ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी तिरंगा यात्रा को राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का प्रतीक बताते हुए प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान राजधानी का प्रमुख क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
