Sunday, 09 August 2026

जयपुर में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा, जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी


जयपुर में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा, जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक निकली यात्रा; 10 अत्याधुनिक रक्त संग्रहण एवं परिवहन वाहन भी रवाना

जयपुर। राजस्थान में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जयपुर में तिरंगा यात्रा अल्बर्ट हॉल के सामने से रवाना हुई, जिसे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा अल्बर्ट हॉल से शुरू होकर रामनिवास बाग चौराहा, सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

10 अत्याधुनिक रक्त संग्रहण एवं परिवहन वाहन रवाना

इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 10 अत्याधुनिक रक्त संग्रहण एवं परिवहन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और दिया कुमारी, सांसद मदन राठौड़, राधामोहन दास अग्रवाल सहित मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।

इन अत्याधुनिक वाहनों के माध्यम से रक्त संग्रहण और उसके सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इससे प्रदेश में जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता और रक्त बैंक नेटवर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

प्रदेशभर में निकाली जा रहीं तिरंगा यात्राएं

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जयपुर के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी तिरंगा यात्राओं और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

राजसमंद जिले के आमेट में स्कूली बच्चों ने करीब 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा रैली निकाली। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इसमें भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।

राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

    Previous
    Next

    Related Posts