Saturday, 08 August 2026

जोबनेर-आसलपुर महला मार्ग पर स्कूल बस और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत, बस पलटी, 18 बच्चे घायल, 8 जयपुर रेफर


जोबनेर-आसलपुर महला मार्ग पर स्कूल बस और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत, बस पलटी, 18 बच्चे घायल, 8 जयपुर रेफर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जोबनेर-आसलपुर महला मार्ग पर हादसा, दो बच्चों के सिर में गंभीर चोट, तीन के पैर में फ्रैक्चर, ग्रामीणों और पुलिस ने बस में फंसे बच्चों को निकाला

जयपुर। जयपुर जिले में शनिवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूल बस की आमने-सामने की भिड़ंत में 18 विद्यार्थी घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो बच्चों के सिर में चोट आई है, जबकि तीन बच्चों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। एक बच्चे के हाथ में भी चोट लगी है।

हादसा शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे जोबनेर-आसलपुर महला मार्ग पर सीमेंट फैक्ट्री के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर के बाद बस पलट गई और उसमें सवार बच्चे अंदर ही फंस गए।

बस के अंदर फैला खून, मची चीख-पुकार

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो बच्चों के सिर में चोट लगने के कारण बस के अंदर खून फैल गया। अचानक हुए हादसे से बच्चे घबरा गए और बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायल बच्चों को तत्काल जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

8 बच्चों को जयपुर किया रेफर

हादसे में कुल 18 विद्यार्थियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो बच्चों के सिर में चोट लगी है और तीन बच्चों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, एक बच्चे के हाथ में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल बच्चों में से 8 को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts