



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मानेप्रदेशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पाद अपनाने की अपील
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को नेशनल हैंडलूम डे के अवसर पर राजस्थान हैंडलूम हाउस पहुंचे और वहां विभिन्न स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ आह्वान का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाने से प्रदेश के कारीगरों, बुनकरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को प्रोत्साहन मिलता है। इसके साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। नेशनल हैंडलूम डे के अवसर पर मुख्यमंत्री की यह पहल स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक शिल्प के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे खरीदारी के दौरान स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने में भागीदारी निभाएं।
राजस्थान की हैंडलूम और हस्तशिल्प परंपरा देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। ऐसे में स्थानीय उत्पादों की खरीद से परंपरागत हुनर से जुड़े कारीगरों और बुनकरों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है।