Friday, 07 August 2026

दिल्ली में राजस्थान कांग्रेस संगठन की समीक्षा, जिलाध्यक्षों के कामकाज पर लिया गया फीडबैक


दिल्ली में राजस्थान कांग्रेस संगठन की समीक्षा, जिलाध्यक्षों के कामकाज पर लिया गया फीडबैक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में बैठक; कई जिलाध्यक्षों को बेहतर प्रदर्शन के संकेत, चार जिलाध्यक्षों के कामकाज पर असंतोष की चर्चा

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा गांधी भवन में राजस्थान कांग्रेस संगठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा सहप्रभारी ऋत्विक मकवाना, चिरंजीवी राव और पूनम पासवान शामिल रहे।

बैठक में कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत AICC की ओर से नियुक्त जिलाध्यक्षों के अब तक के कामकाज, पार्टी कार्यक्रमों की क्रियान्विति और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा किए जाने के संकेत मिले हैं।

जिलाध्यक्षों के प्रदर्शन का लिया गया फीडबैक

सूत्रों के मुताबिक बैठक में जिलाध्यक्षों के प्रदर्शन को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया। बताया जा रहा है कि करीब आधे जिलाध्यक्षों के कामकाज को बेहतर मानते हुए उन्हें ‘A ग्रेड’ के स्तर का प्रदर्शन करने वाला माना गया है।

वहीं चार जिलाध्यक्षों के अब तक के पार्टी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को संतोषजनक नहीं मानने तथा उन्हें ‘D ग्रेड’ के स्तर पर आंकने के संकेत मिले हैं।

हालांकि कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्षों की कोई आधिकारिक ग्रेडिंग सूची सार्वजनिक नहीं की गई है।

निष्क्रिय प्रदेश पदाधिकारियों पर भी चर्चा

बैठक में प्रदेश कांग्रेस के उन पदाधिकारियों को लेकर भी चर्चा होने के संकेत हैं, जो पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं हैं या लगातार अनुपस्थित रहते हैं।

ऐसे निष्क्रिय पदाधिकारियों में बदलाव के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किए जाने की बात सामने आई है। यदि इस पर सहमति बनती है तो आने वाले समय में प्रदेश संगठन में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

बैठक से पहले रंधावा से मिले डोटासरा-जूली

केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक से पहले प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के दिल्ली स्थित निवास पर भी विचार-विमर्श किया।बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश संगठन की स्थिति, जिलाध्यक्षों के कामकाज और आगामी संगठनात्मक रणनीति को लेकर चर्चा हुई।

संगठन को सक्रिय करने पर फोकस

कांग्रेस नेतृत्व की इस समीक्षा को राजस्थान में संगठन को और सक्रिय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, जिलास्तरीय सक्रियता और प्रदेश पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर आगे कुछ संगठनात्मक निर्णय लिए जा सकते हैं। हालांकि किसी भी संभावित बदलाव या ग्रेडिंग को लेकर अंतिम स्थिति कांग्रेस की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

Previous
Next

Related Posts