



जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग; मतदाता सूची, मतदान केंद्र, सुरक्षा और आचार संहिता की तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर
जयपुर। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और निर्वाचन कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण, भयमुक्त और प्रलोभन-मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व के साथ काम करना होगा।
उन्होंने आयोग के दिशा-निर्देशों और सभी कानूनी प्रावधानों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने को कहा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदाता सूचियों को अद्यतन करने, मतदान केंद्रों की स्थापना, मतदान दलों के गठन, निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण और चुनाव सामग्री की उपलब्धता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में चुनावी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जाए।
बैठक में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से ऐसे मतदान केंद्रों पर प्रभावी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद उसकी प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए। मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन, वस्तु, दबाव या अन्य किसी प्रलोभन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चुनाव संबंधी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने तथा हर शिकायत को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय, रैंप और व्हीलचेयर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार विशेष व्यवस्थाएं करने पर भी जोर दिया।
राजेश्वर सिंह ने चुनाव कार्य में नियुक्त सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया, ईवीएम या मतपत्र प्रबंधन, निर्वाचन सामग्री, कानून-व्यवस्था और शिकायत निस्तारण से जुड़ी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी प्रत्येक कार्मिक को होनी चाहिए।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा ने बैठक में नगरीय निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों पर पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया।
उन्होंने जिला कलेक्टरों को चुनाव कार्यक्रम के विभिन्न चरणों, समयबद्ध कार्ययोजना, मतदाता सूची, मतदान केंद्र, कार्मिक प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, कानून-व्यवस्था और आचार संहिता से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
प्रस्तुतीकरण में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित व्यवस्थाओं और चुनाव संबंधी मॉनिटरिंग तंत्र पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
राजेश वर्मा ने जिला अधिकारियों से आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन करने और सभी तैयारियां तय समय में पूरी करने का आह्वान किया। अधिकारियों की ओर से पूछे गए प्रश्नों का समाधान कर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिलों में चुनावी तैयारियों की प्रगति की जानकारी दी।
उन्होंने मतदाता सूची, मतदान केंद्रों, कार्मिकों की उपलब्धता और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ व्यावहारिक एवं प्रशासनिक चुनौतियों से भी राज्य निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने समस्याओं और सुझावों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सभी लंबित विषयों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।