



खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रीसुमित गोदारा बोले—‘शिक्षित लूणकरणसर-विकसित लूणकरणसर’ हमारा लक्ष्य, विद्यालय के फर्नीचर और झूलों के लिए विधायक कोष से ₹10 लाख की घोषणा
बीकानेर। लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के रायसर गांव में शनिवार को ₹4.49 करोड़ की लागत से निर्मित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया गया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने विद्यालय भवन का उद्घाटन करने के साथ ही गांव में ₹55 लाख की लागत से बनने वाले उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास किया।
समग्र शिक्षा अभियान के तहत निर्मित आधुनिक विद्यालय भवन में 24 कक्षा-कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और दो पुस्तकालय विकसित किए गए हैं। नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि ‘शिक्षित लूणकरणसर-विकसित लूणकरणसर’ के संकल्प के साथ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा र
उन्होंने बताया कि लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में करीब ₹100 करोड़ की लागत से नए कक्षा-कक्षों और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिलें।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोदारा ने रायसर विद्यालय में आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए विधायक कोष से ₹5 लाख और विद्यार्थियों के लिए झूले तथा खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए अलग से ₹5 लाख देने की घोषणा की। इस प्रकार विद्यालय के अतिरिक्त विकास के लिए कुल ₹10 लाख देने की घोषणा की गई।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में भवन निर्माण के साथ विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल और अन्य सह-शैक्षणिक सुविधाओं का विकास भी आवश्यक है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 36 उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से 25 केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक उप-स्वास्थ्य केंद्र पर करीब ₹22 लाख खर्च किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोदारा ने नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए एक बीघा से अधिक भूमि दान करने वाले भामाशाह राजेंद्र सिंह भाटी की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए भूमि दान करना समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति सेवा तथा समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने भी राजेंद्र सिंह भाटी के योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामगोपाल शर्मा, पूर्व प्रधान राजकुमार कसवां, पंचायत समिति के पूर्व सदस्य जुगल सिंह और राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि करीब ₹4.5 करोड़ की लागत से बना यह भवन लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख आधुनिक सरकारी विद्यालयों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कक्षा-कक्षों, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों से सुसज्जित यह विद्यालय क्षेत्र की बालिकाओं को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराकर बालिका शिक्षा को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा योजना में नव चयनित करीब आधा दर्जन लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा अधिकार पत्र भी वितरित किए गए। वक्ताओं ने खाद्य सुरक्षा योजना के विस्तार और ‘गिव अप अभियान’ के माध्यम से वंचित एवं पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन से हुई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्य लक्ष्मी नारायण स्वामी ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन यूसीईओ शक्ति प्रसन्न बीठू ने किया।