



तिड़ोकी बड़ी में 33/11 केवी ग्रिड स्टेशन और तिड़ोकी छोटी में उप-स्वास्थ्य केंद्र शुरू, खेल मैदान सहित अन्य कार्यों के लिए ₹25 लाख की घोषणा
सीकर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने शनिवार को ग्राम तिड़ोकी बड़ी और तिड़ोकी छोटी में कुल ₹1.96 करोड़ की लागत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
डोटासरा ने तिड़ोकी बड़ी में ₹1.55 करोड़ की लागत से निर्मित 33/11 केवी ग्रिड सब-स्टेशन और तिड़ोकी छोटी में ₹41 लाख की लागत से बनाए गए नवीन उप-स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। इन सुविधाओं के शुरू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी है, जब गांवों के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े।
इस दौरान उन्होंने तिड़ोकी बड़ी में विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक कोष से ₹10 लाख देने की घोषणा की। इसके साथ ही तिड़ोकी छोटी के खेल मैदान में आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए ₹15 लाख के कार्य करवाने की घोषणा की।
तिड़ोकी छोटी में उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए अपनी भूमि दान करने वाले भामाशाह सूरजाराम कस्वां को कार्यक्रम के दौरान मंच पर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जनहित के कार्य के लिए भूमि दान करना सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।
डोटासरा ने भी सूरजाराम कस्वां का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं के विकास को गति मिलती है और समाज के अन्य लोगों को भी जनहित के कार्यों में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में नेछवा पंचायत समिति की निवर्तमान प्रधान संतरा देवी, ग्राम पंचायत तिड़ोकी बड़ी के प्रशासक मदन सिंह शेखावत और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव नरेंद्र बाटड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रामनिवास जांगिड़, रिछपाल सिंह, मनोज कस्वां, रामजीलाल शर्मा, नवरत्न सिंह, भंवरलाल, दीनदयाल फगेड़िया, नंदूसिंह, महादेव रणवां, सोहन रणवां, कपिल शर्मा, महेंद्र पाटोदा, जितेंद्र भोजासर, रणजीत गोदारा, सुखदेव सारण, जगदीश पिलानियां और इस्लाम खोखर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।