Wednesday, 22 July 2026

मेट्रो में यात्रियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मानसरोवर से छोटी चौपड़ तक किया सफर


मेट्रो में यात्रियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मानसरोवर से छोटी चौपड़ तक किया सफर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसरोवर मेट्रो स्टेशन से छोटी चौपड़ तक जयपुर मेट्रो में सफर किया। यात्रा के दौरान उन्होंने मेट्रो की सुविधाओं का जायजा लिया तथा यात्रियों और बच्चों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने।

मेट्रो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने जयपुर मेट्रो फेज-2 के तहत खासाकोठी क्षेत्र में प्रस्तावित इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन की साइट का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित स्टेशन की योजना, यात्री सुविधाओं और फेज-1 तथा फेज-2 के बीच विकसित होने वाली कनेक्टिविटी के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

खासाकोठी में बनेगा इंटरचेंज स्टेशन

जयपुर मेट्रो फेज-2 के तहत खासाकोठी में प्रस्तावित इंटरचेंज स्टेशन भविष्य में शहर के मेट्रो नेटवर्क का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से यात्रियों को विभिन्न मेट्रो कॉरिडोर के बीच आवागमन की सुविधा मिलेगी और शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम एवं प्रभावी होगी।

मुख्यमंत्री ने स्टेशन साइट के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसरोवर से छोटी चौपड़ तक जयपुर मेट्रो में सफर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसरोवर से छोटी चौपड़ तक जयपुर मेट्रो में सफर

बच्चों और यात्रियों से किया संवाद

मेट्रो में सफर के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों और अन्य यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने यात्रियों से मेट्रो यात्रा के अनुभव, उपलब्ध सुविधाओं और सार्वजनिक परिवहन से संबंधित सुझावों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चों और यात्रियों में उत्साह नजर आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से जयपुर में यातायात का दबाव कम होने के साथ ही लोगों को तेज और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

छोटी चौपड़ की आर्ट गैलरी का किया अवलोकन

मेट्रो यात्रा के बाद मुख्यमंत्री छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन परिसर में विकसित आर्ट गैलरी का अवलोकन किया। आर्ट गैलरी में जयपुर की ऐतिहासिक, स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत को कलात्मक रूप में प्रदर्शित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने मेट्रो स्टेशन पर जयपुर की कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन स्थलों को स्थानीय विरासत और संस्कृति से जोड़ने से यात्रियों को शहर की विशिष्ट पहचान से परिचित होने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री की यह यात्रा जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के भूमि पूजन के बाद शहर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश देती है।

Previous
Next

Related Posts