Wednesday, 15 July 2026

दिव्यांग शिक्षक बने भामाशाह: दरबार स्कूल में विद्यार्थियों को बांटे बैग और पेन


दिव्यांग शिक्षक बने भामाशाह: दरबार स्कूल में विद्यार्थियों को बांटे बैग और पेन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दरबार में बुधवार को कार्यरत दिव्यांग शिक्षक बाबूलाल बैरवा ने विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की। उन्होंने कक्षा 1 से 6 तक के विद्यार्थियों को स्कूल बैग तथा कक्षा 7 से 12 तक के प्रत्येक विद्यार्थी को पेन प्रदान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा टोंक सूबेसिंह यादव ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई दान नहीं है। विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री अथवा शिक्षा से जुड़ी अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक है।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संस्था प्रधान निपुण सक्सेना ने की। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक समसा महेश दाधीच, एपीसी समसा ताराचंद जैन, एसीबीईओ समसा ब्लॉक टोंक हेमंत दीक्षित, शिक्षाविद् एवं एसडीएमसी सदस्य हनुमान प्रसाद बोहरा, जिला साक्षरता अधिकारी अनिल चतुर्वेदी और सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

‘विद्यार्थियों की सहायता शिक्षा के प्रति समर्पण’

मुख्य अतिथि सूबेसिंह यादव ने कहा कि भामाशाहों द्वारा विद्यार्थियों को दी जाने वाली पाठ्य सामग्री और अन्य उपयोगी वस्तुएं उनके शैक्षणिक विकास में सहायक होती हैं। ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।

उन्होंने शिक्षक बाबूलाल बैरवा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद विद्यार्थियों के हित में योगदान करना प्रेरणादायक है।

संस्था प्रधान ने बताईं विद्यालय की उपलब्धियां

संस्था प्रधान निपुण सक्सेना ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की प्रगति और शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 में कार्यभार ग्रहण करने के बाद विद्यालय में शिक्षा नवाचार, बाल-केंद्रित शिक्षण और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई बदलाव किए गए।

उन्होंने बताया कि एक दिसंबर 2025 को विद्यालय में एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग यानी एबीएल व्यवस्था की स्थापना की गई। इस कार्य में दिव्यांग शिक्षक बाबूलाल बैरवा के प्रयास और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्टेशनरी बैंक और प्रतिदिन एक रुपया दान अभियान

विद्यालय में जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता के लिए स्टेशनरी बैंक की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही ‘प्रतिदिन एक रुपया दान’ अभियान भी संचालित किया जा रहा है।

संस्था प्रधान के प्रयासों से विद्यालय में वस्त्र बैंक भी शुरू किया गया। इसके तहत निपुण सक्सेना और कुसुम किराड़ की ओर से विद्यार्थियों को जर्सियां वितरित की गईं। भामाशाह ओमप्रकाश जैन ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क जूते उपलब्ध कराए।

विद्यालय परिसर में लगाए महापुरुषों के चित्र

विद्यालय के बरामदों में शाला विकास समिति के सहयोग से महापुरुषों, वैज्ञानिकों और खेल हस्तियों के चित्र उनके प्रेरणादायक विचारों के साथ लगाए गए हैं।

विद्यालय में पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए स्थानीय विधायक कोष से बोरिंग भी स्वीकृत कराई गई है। संस्था प्रधान ने बताया कि विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा के तहत कक्षा 9 से 12 तक आईटी ट्रेड संचालित किया जा रहा है।

तीनों संकायों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत

निपुण सक्सेना ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालय के कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कक्षा 10 का परीक्षा परिणाम 97.22 प्रतिशत रहा।

उन्होंने विद्यार्थियों को बैग और पेन उपलब्ध कराने के लिए शिक्षक बाबूलाल बैरवा का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उपप्रधानाचार्य गिरधर सिंह ने किया।

Previous
Next

Related Posts