



चाकसू। राजस्थान महिला सेवा सहकारी समिति से जुड़े पीड़ित परिवारों की जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग को लेकर चाकसू उपखंड मुख्यालय पर चल रहा आमरण अनशन बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों, पीड़ित परिवारों और आमजन ने मुख्य बाजारों से जन आक्रोश रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता और उनकी जमा राशि वापस नहीं दिलाई जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रैली के दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भरतलाल मीणा ने बताया कि न्याय की लड़ाई में सामाजिक संगठनों, पीड़ित परिवारों, न्याय मित्रों और आमजन ने एकजुट होकर रैली में भाग लिया।
रैली के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों से गुरुवार को चाकसू के मुख्य बाजार बंद रखने का निवेदन किया गया। आंदोलनकारियों के अनुसार, स्थानीय व्यापार मंडलों ने बंद के आह्वान को समर्थन दिया है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने कहा कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवारों की जमा पूंजी शीघ्र वापस दिलाने की मांग की।
सोलंकी ने कहा कि यह आंदोलन केवल आर्थिक नुकसान से जुड़ा नहीं है, बल्कि उन परिवारों के विश्वास और भविष्य की लड़ाई भी है, जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई जमा की थी।
आमरण अनशन के छठे दिन पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी के स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की गई। चिकित्सकों की टीम लगातार धरना स्थल पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जांच कर रही है।
आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और समाधान निकालने की मांग की है, ताकि अनशनरत पूर्व विधायक की स्वास्थ्य स्थिति और गंभीर न हो।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिनारायण चौधरी ने बताया कि भाजपा नेता और पूर्व प्रधान जगदीश खिंची भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलन को संबोधित करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया।
आंदोलन के दौरान भाजपा नेताओं को लेकर की गई उनकी व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी चर्चा का विषय रहीं।
आंदोलन को समर्थन देने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजस्थान सह प्रभारी चिरंजीव राव, जिला कांग्रेस ग्रामीण प्रभारी आरसी चौधरी और जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष गोपाल मीणा धरना स्थल पर पहुंचे।
पूर्व विधायक वेदप्रकाश सोलंकी की पत्नी अनीता सोलंकी, कांग्रेस नेत्री कविता गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर, शिव प्रताप हरसाना, सीताराम और विशनपाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।