



जयपुर। आमेर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसा शाम करीब साढ़े 7 बजे परियों के बाग के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही कार और स्कूटी के बीच भिड़ंत हो गई।
आमेर थाना प्रभारी गौतम डोटासरा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूटी पर तीन युवक सवार थे। तीनों आमेर की ओर से जलमहल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान परियों के बाग के पास सामने से आ रही कार से उनकी टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य घायलों का उपचार करने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। मृतक के शव को पहचान होने तक एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी के डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस मृतक और घायलों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आई हादसे की वजह
हादसे से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। प्रारंभिक रूप से फुटेज में दिख रहा है कि स्कूटी सवार तेज गति से अपनी लेन छोड़कर रॉन्ग साइड जाते हुए सामने से आ रही कार से टकरा गए। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर गए।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वाहन की गति, दिशा और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मृतक और घायलों की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।