Saturday, 04 July 2026

अहमदाबाद में अगस्त में जुटेंगे देश के दिग्गज किकबॉक्सर, पहली राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप भी होगी आयोजित


अहमदाबाद में अगस्त में जुटेंगे देश के दिग्गज किकबॉक्सर, पहली राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप भी होगी आयोजित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। आगामी 1 से 5 अगस्त तक अहमदाबाद में राष्ट्रीय सीनियर किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 का आयोजन वाको इंडिया द्वारा किया जाएगा। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के साथ 4 और 5 अगस्त को देश की पहली राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप भी आयोजित होगी। भारतीय पैरा खेलों के इतिहास में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह घोषणा वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने की।

गुजरात में होने जा रहे इस आयोजन को लेकर व्यवस्था समिति के मीडिया समन्वयक लय द्विवेदी ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के 34 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1,500 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। इनके साथ करीब 200 रेफरी, जज, तकनीकी अधिकारी और मेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहेंगे। यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करेगा और देश में किकबॉक्सिंग के बढ़ते प्रभाव को नई पहचान देगा।

राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग दिवस के अवसर पर घोषित इस प्रतियोगिता को भारतीय किकबॉक्सिंग के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वाको यानी वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ किकबॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशंस की स्थापना वर्ष 1977 में हुई थी। वर्तमान में इससे विश्व के 147 देशों के राष्ट्रीय महासंघ जुड़े हुए हैं। किकबॉक्सिंग वैश्विक खेल संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा है और GAISF, ARISF, FISU तथा वर्ल्ड गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से संबद्ध है।

भारतीय किकबॉक्सरों ने अब तक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुल 367 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। इनमें 96 स्वर्ण, 100 रजत और 171 कांस्य पदक शामिल हैं। यह उपलब्धि भारत में किकबॉक्सिंग की लगातार बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाती है।

वाको इंडिया के अनुसार पहली राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को वर्ष 2030 एशियन पैरा गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि अहमदाबाद में आयोजित होने वाली यह चैंपियनशिप भारतीय किकबॉक्सिंग के इतिहास में नया अध्याय लिखेगी।

इस संबंध में आयोजन समिति के सदस्यों ने वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल के सानिध्य में तैयारियों को लेकर चर्चा की। बैठक में किकबॉक्सिंग सुपर लीग के सह-संस्थापक अजय अडलखा, ओलंपिक पैरा एथलीट सुश्री भावीना पटेल, साल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नितिन शाह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार और राष्ट्रीय खिलाड़ी रुद्र राजपूत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts