Tuesday, 30 June 2026

देश में सोशल मीडिया की भूमिका अहम और क्रांतिकारी: अशोक गहलोत


देश में सोशल मीडिया की भूमिका अहम और क्रांतिकारी: अशोक गहलोत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में विश्व सोशल मीडिया दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शामिल हुए। इस दौरान सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों तथा सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ संवाद किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी सचिव सीपी मित्तल, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील शर्मा और आयोजक पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया की भूमिका पर अपने विचार रखे।

सोशल मीडिया लोकतंत्र को बचाने का काम कर रही है: गहलोत

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया की भूमिका अहम और क्रांतिकारी है। उन्होंने कहा कि देश का मीडिया सरकार के दबाव में है और डरा हुआ है, ऐसे में मीडिया को निडर होकर अपना कर्तव्य निभाना चाहिए।

गहलोत ने कहा कि जब से सोशल मीडिया की शुरुआत हुई है, सोशल मीडिया देश की डेमोक्रेसी को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया नहीं होती तो देश के हालात क्या होते, यह बड़ा सवाल है। सोशल मीडिया सरकारों में हलचल पैदा करती है और जनता की आवाज को मजबूती से आगे रखती है।

आने वाले समय में सोशल मीडिया निभाएगा बड़ी भूमिका

अशोक गहलोत ने कहा कि आगामी समय सोशल मीडिया के लिए शुभ संकेत लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आने वाले समय में देश में बड़ी भूमिका निभाएगा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का काम करेगा।

उन्होंने आह्वान किया कि सरकार पर दबाव बनाने और जनहित के मुद्दों को उठाने में सोशल मीडिया अपनी ओर से कोई कमी नहीं रखे। गहलोत ने कहा कि आने वाले समय में सोशल मीडिया को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

खाचरियावास बोले- बदलाव की सशक्त आवाज बनेगा सोशल मीडिया

पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि मीडिया हर समय संघर्ष करने और सच को सामने लाने की ताकत रखता है। वर्तमान दौर में जनहित के मुद्दों को उठाने में मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया की भी अहम जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सोशल मीडिया देश में बदलाव की सशक्त आवाज बनेगा। खाचरियावास ने कहा कि वे सोशल मीडिया से जुड़े लोगों और पत्रकारों के साथ खड़े हैं।

सोशल मीडिया की मजबूती पर दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान एआईसीसी सचिव सीपी मित्तल और जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने सोशल मीडिया की मजबूती, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक भूमिका पर जोर दिया।

राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भी अपनी बात रखी। संवाद के दौरान वर्तमान समय में सोशल मीडिया की भूमिका, चुनौतियों और डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।

धर्मेंद्र राठौड़ ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम के आयोजक पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम में शामिल पत्रकारों, सोशल मीडिया प्रतिनिधियों और डिजिटल मीडिया से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।

राठौड़ ने कहा कि आगामी समय में सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों और डिजिटल मीडिया कर्मियों के हौसले बुलंद करने के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बन चुका है और इसे मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

सोशल मीडिया पॉलिसी फिर लागू करने की मांग

कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार के समय लागू की गई सोशल मीडिया पॉलिसी को फिर से शुरू करने की मांग उठाई। पत्रकारों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के लिए पॉलिसी लागू की थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है।

सोशल मीडिया प्रतिनिधियों ने मांग की कि इस पॉलिसी को फिर से लागू किया जाए, ताकि सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार मजबूत होकर कार्य कर सकें और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकें।

कार्यक्रम में राजस्थान के प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।

विश्व सोशल मीडिया दिवस, अशोक गहलोत, धर्मेंद्र राठौड़, सोशल मीडिया पॉलिसी राजस्थान, प्रताप सिंह खाचरियावास, सीपी मित्तल, सुनील शर्मा, जयपुर कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, डिजिटल मीडिया पत्रकार,
विश्व सोशल मीडिया दिवस, अशोक गहलोत, धर्मेंद्र राठौड़, सोशल मीडिया पॉलिसी राजस्थान, प्रताप सिंह खाचरियावास, सीपी मित्तल, सुनील शर्मा, जयपुर कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, डिजिटल मीडिया पत्रकार,
Previous
Next

Related Posts