



अजमेर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत शनिवार को अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जनकपुरी गंज क्षेत्र में बैठक आयोजित की। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने NEET पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, उम्मीदों और भविष्य को गहरा नुकसान पहुंचाया है।
अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के भविष्य को लेकर बेहद गंभीर हैं, जबकि भाजपा सरकार विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक ने देश के लाखों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया है और सरकार इस गंभीर मुद्दे पर जवाबदेही तय करने से बच रही है।
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि NEET पेपर लीक केवल परीक्षा प्रणाली की विफलता नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सपनों से खिलवाड़ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकार और भविष्य की सुरक्षा के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाएगी।
डॉ. जयपाल ने घोषणा की कि कांग्रेस जल्द ही अजमेर के स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों से सीधा संवाद करेगी। इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाई जा रही हैं, जो राहुल गांधी का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मजबूत मंच देना है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ ने बैठक में कहा कि वर्तमान सरकार की गलत शिक्षा नीति और बढ़ते निजीकरण के कारण आम और गरीब विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा धीरे-धीरे महंगी होती जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के सामने उच्च शिक्षा प्राप्त करना कठिन होता जा रहा है।
राठौड़ ने दावा किया कि यूपीए सरकार के समय शिक्षा पर भारी बजट खर्च किया जाता था और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा के बजट में कटौती कर दी है, जिसका असर सरकारी शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा। पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में अनियमितता, महंगी शिक्षा, बेरोजगारी और शिक्षा के निजीकरण जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस छात्र-युवाओं से संवाद करेगी।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रहे हैं। इसी अभियान के तहत अजमेर में भी छात्रों को जोड़ने और उनकी आवाज को मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET जैसे महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटना देश की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लाखों विद्यार्थी वर्षों तक तैयारी करते हैं और उनके परिवार भारी आर्थिक व मानसिक संघर्ष झेलते हैं। ऐसे में यदि परीक्षा प्रक्रिया पर ही सवाल उठते हैं, तो यह युवाओं के साथ बड़ा अन्याय है।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों में निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी व सुरक्षित बनाया जाए।