Wednesday, 12 August 2026

लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष लोकतंत्र रक्षा की ऐतिहासिक गाथा, युवा पीढ़ी ले प्रेरणा: भजनलाल शर्मा


लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष लोकतंत्र रक्षा की ऐतिहासिक गाथा, युवा पीढ़ी ले प्रेरणा: भजनलाल शर्मा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

मुख्यमंत्री निवास पर लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह, राज्य सरकार सेनानियों के योगदान और अनुभवों को करेगी संरक्षित

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष लोकतंत्र की रक्षा की ऐतिहासिक गाथा है। उनका त्याग, समर्पण और संघर्ष आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानी अपने अनुभवों के माध्यम से समाज को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित करें।

मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अनेक पीढ़ियों के बलिदान के बाद देश को आजादी मिली और आपातकाल के कठिन दौर में लोकतंत्र सेनानियों ने राष्ट्रहित के लिए संघर्ष करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की।

युवा पीढ़ी को लोकतंत्र के संघर्ष की जानकारी जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को यह जानना चाहिए कि उन्हें जो लोकतांत्रिक व्यवस्था सहज रूप से प्राप्त हुई है, उसके पीछे लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष छिपा है। इससे युवा लोकतंत्र के महत्व को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे और उसके संरक्षण की दिशा में जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों से अपने जीवन के अनुभवों और संघर्षों को लिखित रूप में दर्ज करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को संरक्षित करने की दिशा में कार्य करेगी।

‘आपातकाल के संघर्ष से राष्ट्रवाद की विचारधारा हुई मजबूत’

भजनलाल शर्मा ने कहा कि आपातकाल में लोकतंत्र सेनानियों ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उनके संघर्ष और तपस्या से राष्ट्रवाद की विचारधारा ने विशाल वटवृक्ष का रूप लिया है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों की पीढ़ी ने आपातकाल को देखा और सहा है, इसलिए उनके पास समाज और राष्ट्र को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण अनुभव है। इस अनुभव का लाभ प्रदेश और नई पीढ़ी को मिलना चाहिए।

राष्ट्रहित के विषयों पर समाज से संवाद का आह्वान

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों से आग्रह किया कि वे समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के लिए राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद करें।

उन्होंने कहा कि सुशासन, विकास और सामाजिक संवेदना को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने की दिशा में समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना चाहिए। इससे कठिन परिस्थितियों में व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में योगदान देने की भावना भी मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है, गरीब कल्याण और विकास योजनाओं का विस्तार हुआ है तथा वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने राष्ट्र निर्माण का जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है। समारोह में विधायक गोपाल शर्मा, पूर्व सांसद राजेन्द्र गहलोत सहित बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts