


श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस की डीएसटी टीम और जैतसर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर ने बताया कि जैतसर क्षेत्र में दो तस्करों के कब्जे से करीब 9.5 किलो हेरोइन बरामद की गई। इसके बाद मुख्य आरोपी के समेजा कोठी क्षेत्र स्थित घर पर दबिश दी गई, जहां से आधा किलो हेरोइन और बरामद की गई। इस प्रकार कुल करीब 10 किलो हेरोइन जब्त की गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए सीमावर्ती क्षेत्र में गिराई गई थी। इसके बाद राजस्थान और पंजाब के ड्रग तस्करों के नेटवर्क ने इसे उठाकर पंजाब पहुंचाने की तैयारी कर रखी थी। पुलिस को इसकी भनक लगते ही टीमों को सक्रिय किया गया और जैतसर क्षेत्र के पास कार्रवाई कर खेप को बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह हेरोइन पंजाब के ड्रग माफिया तक पहुंचाई जानी थी। मामले में मुख्य आरोपी की भूमिका सामने आई है, जो समेजा कोठी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। उसके घर पर दबिश के दौरान भी हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, तस्करी की श्रृंखला, ड्रोन ड्रॉपिंग पॉइंट और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
इससे पहले श्रीगंगानगर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सीमा संकल्प’ के तहत रायसिंहनगर पुलिस और एएनटीएफ चौकी श्रीगंगानगर की संयुक्त टीम ने भी बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 166 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक हरि शंकर ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंहनगर रामेश्वरलाल और वृताधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने बस स्टैंड ठाकरी, अनूपगढ़ रोड रायसिंहनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी अनुज कुमार निवासी रावला, संजय उर्फ सेठी निवासी 12 केएनडी रावला और श्रीकृष्ण उर्फ राहुल निवासी हनुमान मंदिर के पास, रावला के कब्जे से 166 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल कार जब्त कर ली गई है।
इस संबंध में रायसिंहनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच गजसिंहपुर थाना प्रभारी शालू बिश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशा तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में एएनटीएफ के कांस्टेबल आरिफ हुसैन की भूमिका उल्लेखनीय रही।
एएनटीएफ चौकी प्रभारी गणेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी रावला क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पंजाब के फिरोजपुर से हेरोइन खरीदकर रावला क्षेत्र के 12 केएनडी, खानूवाली और आसपास के इलाकों में बेचने की फिराक में थे।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी फिरोजपुर से हेरोइन की खेप लाकर क्षेत्र में सप्लाई की थी या नहीं। मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन तस्करी की आशंका ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस और एएनटीएफ अब स्थानीय नेटवर्क, पंजाब कनेक्शन और अंतरराष्ट्रीय तस्करी चैनल की कड़ियों को खंगाल रही हैं।