Thursday, 25 June 2026

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा के समर्थन में उतरे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पर साधा निशाना कहां आरोप है झूठे


कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष  डोटासरा के समर्थन में उतरे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पर साधा निशाना कहां आरोप है झूठे

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान की राजनीति में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बीच चल रही बयानबाजी के बीच अब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी खुलकर डोटासरा के समर्थन में उतर आए हैं। गहलोत ने डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पर निशाना साधते हुए डोटासरा पर लगाए गए आरोपों को सरासर झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के लगाए जा रहे आरोप राजनीति में स्वस्थ परंपरा के अनुरूप नहीं हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा कि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सरकार बनने से पहले भी और अब मंत्री रहते हुए भी लगातार कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते रहे हैं, लेकिन उनका कोई भी आरोप किसी पर सिद्ध नहीं हुआ। गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार को ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन किरोड़ी लाल मीणा की ओर से लगाए गए आरोप हवा में उड़ चुके हैं।

गहलोत ने आगे कहा कि अब जब स्वयं किरोड़ी लाल मीणा पर आरोप लगे हैं तो वे तिलमिला गए हैं और यह तक कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री के दबाव में एसीबी उन्हें फंसा रही है। गहलोत ने कहा कि इस स्थिति में वे जनता के सामने पूरी तरह एक्सपोज हो चुके हैं।

खुद को घिरता देख डोटासरा पर झूठे आरोप लगा रहे: गहलोत

अशोक गहलोत ने कहा कि खुद को घिरता देख और पूरे मामले से ध्यान भटकाने के लिए किरोड़ी लाल मीणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर अनर्गल और झूठे आरोप लगा रहे हैं। गहलोत के अनुसार यह किरोड़ी लाल मीणा की हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और झूठ की राजनीति का अंत निश्चित है।

गहलोत के बयान के बाद कांग्रेस के कई नेता भी डोटासरा के समर्थन में सामने आए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेशाध्यक्ष पर बिना तथ्यों के लगाए गए आरोपों से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी है। पार्टी का मानना है कि राजनीतिक आरोप तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर ही लगाए जाने चाहिए।

पार्टी अध्यक्ष की प्रतिष्ठा होती है: गहलोत

जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भी अशोक गहलोत ने डॉ. किरोड़ी लाल मीणा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजनीति में झूठे आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। यदि किसी के पास तथ्य हैं तो उन्हें सामने रखकर बात करनी चाहिए। गहलोत ने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा सरकार में नहीं थे, तब भी लगातार आरोप लगाते थे और अब मंत्री रहते हुए भी आरोप लगा रहे हैं।

गहलोत ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के प्रदेशाध्यक्ष की अपनी प्रतिष्ठा होती है। ऐसे में बिना तथ्यों के बार-बार आरोप लगाने से पार्टी में स्वाभाविक रूप से प्रतिक्रिया होती है। उन्होंने कहा कि डोटासरा को भी लगता है कि आखिर उन पर बिना प्रमाण के आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं। गहलोत ने कहा कि इस विषय पर किरोड़ी लाल मीणा को स्वयं विचार करना चाहिए।

राजस्थान की राजनीति में डोटासरा और किरोड़ी लाल मीणा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह मामला अब कांग्रेस और भाजपा के बीच बड़े राजनीतिक विवाद का रूप लेता दिखाई दे रहा है। गहलोत के बयान के बाद यह मुद्दा और गर्मा गया है। आने वाले दिनों में इस मामले पर दोनों दलों के नेताओं की ओर से और प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं।

Previous
Next

Related Posts