



नागौर। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना यूबीटी के चार सांसदों के राजस्थान के मकराना स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस संबंध में शिवसेना यूबीटी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने दावा किया था। राउत लगातार पार्टी के भीतर कथित राजनीतिक दबाव और संभावित टूट को लेकर आरोप लगा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को शिवसेना यूबीटी के चार सांसद मकराना स्थित आरके मार्बल फैक्ट्री परिसर में बने एक रिसॉर्ट में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सांसद कुछ समय तक वहां रुके और फिर वापस रवाना हो गए। उनके अचानक आगमन और प्रस्थान ने राजनीतिक अटकलों को और तेज कर दिया है।
आरके मार्बल फैक्ट्री के संचालक और भाजपा के पूर्व विधायक राकेश मेघवाल ने भी कुछ सांसदों के परिसर में आने की पुष्टि की है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसद किसी राजनीतिक गतिविधि के लिए नहीं, बल्कि मार्बल खरीद से जुड़ी जानकारी लेने आए थे। उन्होंने कहा कि यात्रा पूरी होने के बाद सभी वापस लौट गए। राजनीतिक चर्चा या किसी दल में शामिल होने जैसी बातों पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।
इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ सूत्रों का दावा है कि यह दौरा केवल व्यापारिक नहीं था, बल्कि इसके पीछे राजनीतिक समीकरण भी हो सकते हैं। शिवसेना यूबीटी के भीतर चल रहे मतभेद और संभावित टूट की चर्चाओं के बीच सांसदों की राजस्थान में मौजूदगी को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार हाल के दिनों में शिवसेना यूबीटी के 9 में से 6 सांसदों के कथित रूप से अलग रुख अपनाने की खबरें भी सामने आई थीं। ऐसे में मकराना में चार सांसदों की मौजूदगी ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। फिलहाल पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।