Tuesday, 16 June 2026

कोटा से युवाओं के मुद्दों पर देशव्यापी आंदोलन का आगाज करेंगे राहुल गांधी, 17 जून को छात्र संवाद कार्यक्रम


कोटा से युवाओं के मुद्दों पर देशव्यापी आंदोलन का आगाज करेंगे राहुल गांधी, 17 जून को छात्र संवाद कार्यक्रम

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi 17 जून को राजस्थान के कोटा दौरे पर आएंगे। शिक्षा नगरी कोटा में आयोजित ‘छात्र संवाद-कोटा महारैली’ में राहुल गांधी नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार इसी मंच से युवाओं के मुद्दों को लेकर देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा भी प्रस्तुत की जाएगी।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की टीम की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में राहुल गांधी की कोर टीम ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर चर्चा की। पार्टी पदाधिकारियों को अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी नई दिल्ली से ट्रेन द्वारा कोटा पहुंचेंगे। शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके कोटा पहुंचने का कार्यक्रम है। रेलवे स्टेशन से वे सीधे दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच पहुंचेंगे, जहां छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी। आयोजन के दौरान पॉप सिंगर लश्करी और पॉप सिंगर कर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे तथा उनके सवालों का जवाब देंगे। कार्यक्रम रात लगभग 9:30 बजे तक प्रस्तावित है, जिसके बाद राहुल गांधी उसी रात ट्रेन से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम और देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसे पूरी तरह युवाओं एवं छात्रों के मुद्दों पर केंद्रित रखा जाएगा।

एक्स पर साझा किया संदेश

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी कोटा कार्यक्रम को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि देश में मेहनत करने वाले युवाओं को बार-बार पेपर लीक, रद्द परीक्षाओं और अधूरी भर्तियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने युवाओं से 17 जून को कोटा पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि यह उनके भविष्य की लड़ाई है और उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

कांग्रेस का मानना है कि कोटा से शुरू होने वाला यह संवाद युवाओं की समस्याओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाएगा।

Previous
Next

Related Posts