


डीग। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को ब्रज क्षेत्र पहुंचकर धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ गोवर्धन गिरिराज जी महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा प्रारंभ की। इससे पूर्व उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ डीग स्थित श्रीनाथजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सामान्य श्रद्धालु की तरह ‘सात दंडवती’ लगाकर ब्रज की पावन धरा पर गिरिराज जी महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा का शुभारंभ किया। धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के साथ सहभागिता की और प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री की परिक्रमा यात्रा के दौरान मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा, स्वागत और अभिनंदन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया तथा आत्मीयता के साथ उनका अभिवादन किया। परिक्रमा मार्ग पर ‘बोलो गिरिराज महाराज की जय’ और धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
ब्रज क्षेत्र में मुख्यमंत्री की धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अनेक स्थानों पर लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उनके साथ धार्मिक संवाद भी किया। साधु-संतों ने भी इस अवसर पर प्रदेश की समृद्धि और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री के डीग पहुंचने पर पूंछरी का लौठा स्थित हेलीपैड पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री की यह धार्मिक यात्रा पुरुषोत्तम मास के दौरान विशेष महत्व रखती है। गोवर्धन गिरिराज जी की सप्तकोसीय परिक्रमा को ब्रज क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में माना जाता है और इसमें शामिल होने के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
