Sunday, 31 May 2026

सचिन पायलट ने झुंझुनूं में दिवंगत छात्र प्रदीप मेघवाल को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस


सचिन पायलट ने झुंझुनूं में दिवंगत छात्र प्रदीप मेघवाल को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

झुंझुनूं | कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट रविवार को झुंझुनूं जिले के गुढ़ा गोड़जी पहुंचे, जहां उन्होंने NEET-2026 अभ्यर्थी स्वर्गीय प्रदीप मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत छात्र के परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल दिया।

प्रदीप मेघवाल ने हाल ही में आयोजित NEET-2026 परीक्षा में हिस्सा लिया था। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर उन्होंने आत्महत्या जैसा दुखद कदम उठा लिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और आक्रोश पैदा कर दिया है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

सचिन पायलट ने परिजनों से बातचीत के दौरान कहा कि किसी भी छात्र को ऐसी परिस्थितियों में जीवन खत्म करने के लिए मजबूर होना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होनी चाहिए। पायलट ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मामले में न्याय दिलाने के लिए उनकी आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।

गुढ़ा गोड़जी में पायलट के पहुंचने पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक नजर आया। लोगों ने पेपर लीक मामलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराते हुए युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की अपील की।

Previous
Next

Related Posts