



चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह ED की टीम ने चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की और करीब 10 घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें दिल्ली ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार रेड के समय संजीव अरोड़ा चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित अपनी सरकारी कोठी पर मौजूद थे। पूछताछ के बाद शाम करीब 5 बजे ED की टीम उन्हें चंडीगढ़ और हरियाणा नंबर की गाड़ियों में दिल्ली लेकर रवाना हुई। अधिकारियों के मुताबिक आगे की पूछताछ दिल्ली में की जाएगी और उनकी रात ED के लॉकअप में बिताई जाएगी।
ED ने शनिवार सुबह चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम समेत कुल पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। जांच एजेंसी का आरोप है कि संजीव अरोड़ा ने अपनी फर्मों के जरिए मोबाइल खरीद-बिक्री में करीब 157.12 करोड़ रुपए की फर्जी बिक्री दिखाई और शेल कंपनियों के माध्यम से फर्जी एक्सपोर्ट किए।
ED के अनुसार इन कथित फर्जी लेनदेन का इस्तेमाल दुबई से भारत में अवैध धन की राउंड-ट्रिपिंग के लिए किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC), GST रिफंड और ड्यूटी ड्रॉबैक का लाभ लेने के लिए दिल्ली की गैर-मौजूद फर्मों से फर्जी GST बिल हासिल किए गए थे।
जांच एजेंसी का कहना है कि इस कथित घोटाले से सरकारी राजस्व को बड़ा नुकसान पहुंचाया गया और अवैध तरीके से निजी लाभ अर्जित किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और ED अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।