



कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव किया। उन्होंने अपने बायो में अब “फाउंडर चेयरपर्सन ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस और 15वीं, 16वीं, 17वीं विधानसभा की मुख्यमंत्री” लिखा है। इससे पहले उनके सोशल मीडिया बायो में “फाउंडर चेयरपर्सन ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस, ऑनरेबल चीफ मिनिस्टर, वेस्ट बंगाल” लिखा हुआ था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार कर दिया था और उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया था। हालांकि 7 मई को पश्चिम बंगाल की 17वीं विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो गया, जिसके बाद राज्यपाल आर. एन. रवि ने विधानसभा भंग कर दी। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हुई।
ममता बनर्जी ने वर्ष 2021 में 17वीं विधानसभा चुनाव जीतकर लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला था। वर्ष 2011 से वे पश्चिम बंगाल की सत्ता में बनी हुई थीं और तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व में लगातार सरकार चला रही थीं।
हालांकि अप्रैल 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा और भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। चुनाव में ममता बनर्जी को भी भवानीपुर सीट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव के जरिए ममता बनर्जी ने बदलते राजनीतिक परिदृश्य को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने का संकेत दिया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस अब विपक्ष की भूमिका में अपनी नई रणनीति तैयार करने में जुटी हुई है।