Friday, 08 May 2026

करौली के स्कूल में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक घायल; नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस


करौली के स्कूल में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक घायल; नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

करौली। जिले के टोडाभीम क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय असरो में गुरुवार सुबह फायरिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। घटना में गोली लगने से राहगीर युवक सुनील कुमार नायक (निवासी त्रिशूल) गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य लोगों को भी छर्रे लगने से चोटें आई हैं। वारदात के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उप अधीक्षक मुरारीलाल मीणा और थाना प्रभारी सुनीलाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद अधिकारी अस्पताल पहुंचे, जहां घायल युवक की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई।

संस्था प्रधान हरिराम मीणा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में एक अध्यापिका के पति भीमसिंह समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब साढ़े 8 बजे विद्यालय में कक्षाएं चल रही थीं, तभी एक अनुपस्थित चल रही अध्यापिका विद्यालय पहुंचीं। अनुपस्थिति के संबंध में पूछने पर वह नाराज हो गईं और संस्था प्रधान को धमकी दी। इसके बाद उन्होंने अपने पति भीमसिंह को फोन कर बुला लिया।

आरोप है कि भीमसिंह ने विद्यालय पहुंचकर संस्था प्रधान और स्टाफ के साथ मारपीट की और धमकी देकर चला गया। कुछ समय बाद वह अपने साथ पुष्पेंद्र, तरुण और 5-6 अन्य लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर दोबारा विद्यालय परिसर में आया और करीब 6-7 राउंड फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनकर स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बीच-बचाव के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा गिर गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Previous
Next

Related Posts