


श्रीगंगानगर। जिले में जनसुनवाई के दौरान हंगामे का मामला सामने आया है, जहां भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी ने RUIDP के अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। विधायक के अनुसार, इस घटना में उनके चेहरे और आंख पर चोट आई है तथा उनका चश्मा भी टूट गया।
विधायक की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज और L&T कंपनी के प्लानिंग मैनेजर सोएम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एसडी बिहाणी कॉलेज में संचालित विधायक सेवा केंद्र की है। विधायक ने बताया कि शहर में पिछले कई दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है और इसी को लेकर बैठक बुलाई गई थी।
विधायक के मुताबिक, जब अधिकारियों से जवाब मांगा गया तो AEN जगनलाल बैरवा ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोट आई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों अधिकारियों को हिरासत में ले लिया।
विधायक बिहाणी ने आरोप लगाया कि RUIDP और L&T कंपनी की लापरवाही के कारण शहर में 7 दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है। उन्होंने कहा कि अधिकारी जिम्मेदारी PHED पर डाल रहे हैं, जबकि समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।
उन्होंने यह भी कहा कि 550 करोड़ रुपए की जल परियोजना की समय सीमा खत्म होने के बावजूद काम अधूरा है और इसमें बड़े स्तर पर अनियमितताओं की आशंका है।
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना को लेकर अलग तस्वीर पेश की है। उनका कहना है कि विधायक और उनके समर्थकों द्वारा अधिकारियों के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक अधिकारी की शर्ट तक फट गई। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए।
घटना के बाद मामला राजनीतिक रंग भी ले चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस घटना को प्रदेश में बढ़ती अराजकता का प्रतीक बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं।
विधायक ने कहा कि वे इस मामले की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भी करेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।