



जयपुर। IPL 2026 के 36 वें मुकाबले में Rajasthan Royals को अपने घरेलू मैदान सवाई मानसिंह स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले में Sunrisers Hyderabad के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक शतक जड़कर इतिहास रच दिया, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने महज 37 गेंदों पर 103 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में अपना दूसरा IPL शतक पूरा किया। अपनी इस पारी में वैभव ने 12 छक्के और 5 चौके जड़कर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
वैभव के अलावा ध्रुव जुरेल ने 51 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने 2 विकेट झटके। वहीं कप्तान पैट कमिंस, नीतीश कुमार रेड्डी, साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे को 1-1 सफलता मिली।
229 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अभिषेक शर्मा ने 57 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद ईशान किशन ने 74 रन की शानदार पारी खेलते हुए मैच को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया।
मध्यक्रम में नीतीश कुमार रेड्डी ने 36 रन और हेनरिक क्लासन ने 29 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की। हैदराबाद ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन गेंदबाज टीम को जीत नहीं दिला सके। इस मुकाबले में भले ही राजस्थान हार गया हो, लेकिन 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की पारी लंबे समय तक क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में याद रहेगी। इतनी कम उम्र में इतनी परिपक्व और आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें IPL 2026 का नया सुपरस्टार बना दिया है।