



जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर (बीएमसीएच) एवं कैंसर केयर की ओर से 23वां कैंसर सर्वाइवर्स डे शनिवार को महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने शिरकत की और कैंसर से जंग जीत चुके लोगों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उपराष्ट्रपति ने कैंसर सर्वाइवर्स को संबोधित करते हुए कहा, “आप सभी सच्चे योद्धा हैं, आपकी मुस्कान आपकी ताकत है। आप अन्य मरीजों और उनके परिवारों के लिए प्रेरणा हैं।” उन्होंने युवाओं को नशे और तंबाकू से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।
उन्होंने अपने संबोधन में तीन महत्वपूर्ण बातों पर जोर देते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन न करें, जंक फूड से दूरी बनाए रखें और शुद्ध पानी का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता और समय पर जांच के माध्यम से कैंसर जैसी बीमारी पर विजय पाई जा सकती है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि दुर्भाग्य से कैंसर प्रारंभिक अवस्था में स्पष्ट लक्षण नहीं देता, इसलिए समय पर जांच और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कैंसर मरीजों को आश्वस्त करते हुए कहा, “आप अकेले नहीं हैं, हम सभी आपके साथ हैं।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसानराव बागड़े और विशेष अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर मौजूद रहे।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि अब समय आ गया है कि “कैंसर मुक्त राजस्थान” मिशन की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सरकार, समाज और चिकित्सा संस्थानों को मिलकर काम करना होगा।
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि राजस्थान में कैंसर मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने बीएमसीएच की “कैंसर जांच आपके द्वार” मोबाइल वैन परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश में कैंसर की रोकथाम और शुरुआती पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल के चेयरमैन नवरतन कोठारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अस्पताल की सेवाओं और सामाजिक प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालकर की। इसके बाद अस्पताल के अधिशासी निदेशक मेजर जनरल एस.सी. पारीक ने अस्पताल की उपलब्धियों, आधुनिक उपचार सुविधाओं और भविष्य की विस्तार योजनाओं की जानकारी दी।
समारोह के दौरान कैंसर सर्वाइवर्स पर आधारित एक विशेष वीडियो का विमोचन किया गया और कैंसर विजेताओं को सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल कैंसर सर्वाइवर्स के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि समय पर पहचान और सही उपचार से कैंसर पर विजय संभव है।