



भीलवाड़ा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जहाजपुर थाना क्षेत्र में नाथून के पास नेशनल हाईवे-148डी पर सुबह करीब 9 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक लगभग 100 मीटर दूर सड़क पर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार, हादसे में बाइक सवार जितेंद्र पुत्र अशोक मेघवंशी, विशाल पुत्र हनुमान सिंह राजपूत और नरेंद्र पुत्र हरजीराम मेघवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल राहुल पुत्र सरदार सिंह निवासी जोझर थाना शक्करगढ़ को गंभीर हालत में जहाजपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जहाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दो युवकों के चेहरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर खून बिखर गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।