


श्रीगंगानगर। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे संवेदनशील जिले में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तानी आतंकी से संपर्क रखने का आरोप है।
जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि खुफिया इनपुट के आधार पर लालगढ़ जाटान थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाशदीप (19/20) पुत्र पीरा सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में केरा चक में रह रहा था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान स्थित संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़ा हुआ था।
आतंकी के संपर्क में था आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था और प्लस-92 (पाकिस्तान) नंबरों पर वॉइस चैट करता था। आरोपी खुद को आतंकियों से जुड़ा बताकर ग्रामीणों को धमकाता भी था।
संवेदनशील जगहों की रेकी और वीडियो भेजे
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने आतंकी के कहने पर पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के अंबाला सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी की। उसने भीड़-भाड़ वाले इलाकों के वीडियो बनाकर व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान भेजे और वहां तक पहुंचने के रास्तों की जानकारी भी साझा की।
बदमाश प्रवृत्ति का बताया गया युवक
थाना प्रभारी गुरमेल सिंह के अनुसार, आरोपी मूल रूप से केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव 12 एच का रहने वाला है और बदमाश प्रवृत्ति का है। वह गांव में लोगों को अपने कथित आतंकी संपर्क का डर दिखाकर धमकाता था।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और सिम जब्त कर लिया है। जांच में उसकी इंस्टाग्राम आईडी से पाकिस्तान के संदिग्ध लोगों से चैट के सबूत मिले हैं। इसके अलावा फोन गैलरी में एआई के जरिए आतंकी के साथ एडिट की गई फोटो भी मिली है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।