


जैसलमेर। शहर के गफूर भट्टा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार वैन ने सड़क किनारे पैदल चल रही तीन बहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 18 वर्षीय रवीना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो बहनें कल्पना और ममता गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में वैन चालक तोगाराम भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र की रहने वाली थीं और जैसलमेर के विभिन्न होटलों व रिसॉर्ट्स में कालबेलिया डांस कर जीविकोपार्जन करती थीं। घटना के समय वे सड़क किनारे पैदल जा रही थीं, तभी शहर की ओर से आ रही तेज गति वैन अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार गई।
टक्कर के बाद मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि रवीना करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई और एक मकान की दीवार व वाहन के बीच फंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को पीछे कर रवीना को बाहर निकाला और टैक्सी से जवाहिर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कल्पना और ममता का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।