



जालोर। जिले के सिवाड़ा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-68 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक तेल टैंकर ओवरब्रिज पर अचानक पलट गया और उसमें आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया और हाईवे पर लगभग 200 मीटर तक फैल गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रहा था। सिवाड़ा क्षेत्र के पास ओवरब्रिज पर अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण टैंकर पलट गया। पलटते ही उसमें आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास से गुजर रहे वाहन चालक घबराकर अपने वाहन रोककर दूर हटने लगे।
इस दर्दनाक हादसे में टैंकर चालक सुखराम मेघवाल (35), निवासी मोखावा, तहसील गुड़ामालानी (बाड़मेर) की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, नरसीराम मेघवाल, निवासी गोलियां गर्वा, ने समय रहते टैंकर से कूदकर अपनी जान बचा ली। घायल नरसीराम को सिवाड़ा में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। सांचौर के एसडीएम प्रमोद कुमार, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने की कार्रवाई की।
घायल नरसीराम ने बताया कि वह अपने मामा के बेटे सुखराम के साथ गुड़ामालानी से टैंकर में बैठा था। सिवाड़ा के पास टैंकर पलटते ही अचानक आग लग गई। वह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन चालक सुखराम वाहन में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। उसने यह भी बताया कि टैंकर में क्या भरा हुआ था, इसकी उसे जानकारी नहीं है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टैंकर में किस प्रकार का पदार्थ भरा हुआ था, जिससे आग इतनी तेजी से फैली।