Tuesday, 17 February 2026

राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को ‘गाय को राज्यमाता’ के मुद्दे पर कांग्रेस का हंगामा,अध्यक्ष देवनानी पोस्टर दिखाने पर हुए नाराज, कार्यवाही छह बार स्थगित


राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को ‘गाय को राज्यमाता’ के मुद्दे पर कांग्रेस का हंगामा,अध्यक्ष देवनानी पोस्टर दिखाने पर हुए नाराज, कार्यवाही छह बार स्थगित

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को गाय को राज्यमाता का दर्जा देने और गोहत्या से जुड़े सवालों पर तीखा हंगामा हुआ, जिसके कारण प्रश्नकाल के बाद सदन की कार्यवाही 6 बार स्थगित करनी पड़ी। भाजपा के विधायक बालमुंदाचार्य ने गाय को राज्यमाता का दर्जा देने और  गोवंश तस्करी पर सरकार की कार्रवाई को लेकर प्रश्न उठाया। जवाब में गोपालन मंत्री ने कहा कि गोहत्या रोकने के लिए कानून पहले से लागू है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि राज्यमाता के दर्जे पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह जयपुर में गोहत्या की घटना सामने आई थी और उसमें एक भाजपा नेता का नाम जुड़ने की चर्चा है। इस पर सरकार क्या कार्रवाई करेगी, इसका उत्तर दिया जाए। इस बीच कांग्रेस सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी और कुछ विधायक पोस्टर लहराने लगे।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पोस्टर दिखाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सदन में इसकी अनुमति नहीं है। उन्होंने विपक्ष से शांत रहने का आग्रह किया, लेकिन हंगामा जारी रहा।

प्रश्नकाल में हुई जूली और बेढ़म में बहस

प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक विकास चौधरी के मूल सवाल के जवाब में गृह राज्य मंत्री  बेढ़म ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधार के लिए 2000 कैमरे लगा रहे हैं।

इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि आप दो हजार कैमरे चरणबद्ध लगाने की बात कर रहे हैं, दो हजार कैमरे तो अकेले जयपुर में चाहिए। गृह राज्यमंत्री बेढ़म ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के चश्मे को साफ करना चाहूंगा कि सरकार क्या क्या कदम उठा रही है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि जनता को वो चश्मा बंटवा दीजिए जिससे जाम नजर नहीं आए।

विदेश शब्द पकड़ लिया, दूसरे स्टेट में भी लोग गए हैं

कांग्रेस विधायक रामनिवास गावड़िया ने कहा कि इन्होंने विदेश शब्द पकड़ लिया। दूसरे स्टेट में भी लोग रोजगार के लिए जाते हैं, उनके नाम भी काट दिए।

खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि विपक्ष के साथियों को इस बात की खीज है कि 75 लाख नए लाभार्थी कैसे जोड़ दिए? अभी 10 लाख नाम खाली है। युवा साथी हैं, ये पढ़कर आया करें। वन नेशन वन राशन लागू है, देश में कहीं से भी राशन ले सकते हैं।

खाद्य मंत्री सुमित गोदारा बोले- विदेश में बैठे लोगों को क्या पार्सल से गेहूं भेजेंगे

खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने कहा- विदेश में बैठे लोगों को क्या हम पार्सल से गेहूं भेजेंगे? विदेश में रहने वाला वहां मजदूरी करने वाला गरीब नहीं होगा। वो सक्षम है, कमाता है। स्पीकर ने कहा कि विदेश में नाम कैसे जोड़ेंगे?

गावड़िया बोले-मजदूरी करने विदेश गए हैं गरीब

कांग्रेस विधायक रामनिवास गावड़िया ने कहा- दुर्भाग्य है कि खाद्य आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा पद पर रहकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। कौनसा अमीर विदेश जा रहा है। गांव का गरीब, किसान का बेटा मजदूरी करने विदेश जा रहा है। आप कैसी बात कर रहे हैं। हर कोई अडानी-अंबानी थोडे़ ही हैं। ये लोग मौज करने नहीं परिवार का पालन करने विदेश जा रहे हैं। उन बच्चों का क्या करेंगे। चार साल के बच्चे को पांच साल का मान लिया, उन परिवारों को गेहूं नहीं मिल रहा, उसका क्या करेंगे, भाषण देने की जगह इसका जवाब दीजिए।

खाद्य मंत्री सुमित गोदारा और कांग्रेस विधायक रामनिवास गावड़िया के बीच नोकझोंक

विधानसभा में खाद्य सुरक्षा योजना में विदेश में मजदूरी के लिए गए लोगों के नाम काटने और केवाईसी नहीं होने के मुद्दे पर खाद्य मंत्री सुमित गोदारा और कांग्रेस विधायक रामनिवास गावड़िया के बीच नोकझोंक हो गई। गोदारा की नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से भी नोकझोंक हुई।

कांग्रेस विधायक रामनिवास गावड़िया के सवाल के जवाब में खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने कहा किईकेवाईसी के लिए डीलर को लिखकर दें। पात्र को वंचित नहीं किया जा रहा। विदेशों में जो लोग कमा रहे हैं, हम उन्हें राशन देंगे क्या? यह गरीब लोगों के लिए योजना है। आपके वक्त विदेशों में रहने वालों को राशन दिया, इतने साल में तभी नए लोग जुड़े नहीं। आप समर्थ लोगों को गेहूं देते रहे।

इसी बीच कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने आपत्ति की और मंत्री से कहा कि भाषण देने की जगह जवाब दीजिए। इस पर मंत्री ने कहा कि आप सदन में कम आते हो और सुनते नहीं।

विधानसभा की कार्यवाही 5 बजे तक स्थगित

कांग्रेस के हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही छठी बार स्थगित कर दी गई। दोपहर 2:30 बजे सदन फिर शुरू होने पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस विधायकों से शांत होने का आग्रह किया, लेकिन नारेबाजी जारी रही। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 5 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

Previous
Next

Related Posts