Saturday, 14 February 2026

शादी में तस्करों की मौजूदगी पड़ी भारी: झालावाड़ के सिपाही को नौकरी से बर्खास्त


शादी में तस्करों की मौजूदगी पड़ी भारी: झालावाड़ के सिपाही को नौकरी से बर्खास्त

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

झालावाड़। झालावाड़ जिले के भालता थाने में कार्यरत एक सिपाही को अपनी शादी समारोह में मादक पदार्थ तस्करों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को बुलाना भारी पड़ गया। शादी में अपराधियों के साथ डांस और नोट लुटाने के वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जांच के उपरांत सिपाही अशोक विश्नोई को सेवा से बर्खास्त कर दिया।

वायरल वीडियो के बाद हुई जांच

जानकारी के अनुसार, नागौर निवासी सिपाही अशोक विश्नोई की शादी 1 और 2 फरवरी को नागौर में आयोजित हुई थी। इस समारोह में झालावाड़ और मध्यप्रदेश से जुड़े कई मादक पदार्थ तस्कर और आपराधिक मामलों में संलिप्त व्यक्ति शामिल हुए थे। वायरल वीडियो में ये लोग डांस करते और संगीत कार्यक्रम के दौरान डांसर पर नोट बरसाते नजर आए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पिड़ावा पुलिस उप अधीक्षक से जांच करवाई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद शनिवार को सख्त कार्रवाई करते हुए अशोक विश्नोई को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। अशोक विश्नोई दिसंबर 2015 में पुलिस सेवा में भर्ती हुआ था।

कौन-कौन थे शामिल

एसपी के अनुसार, समारोह में शामिल अपराधियों में पप्पू तंवर उर्फ टोल, दुर्गालाल उर्फ दुर्गाशंकर तंवर, रमेश तंवर, रामगोपाल तंवर, रामबाबू, अतीक मोहम्मद, मांगीलाल भील और चैन सिंह तंवर शामिल थे।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक:

  • पप्पू तंवर के खिलाफ 6 प्रकरण,

  • रामबाबू और अतीक मोहम्मद के खिलाफ 5-5 प्रकरण,

  • मांगीलाल के खिलाफ 4,

  • रमेश तंवर के खिलाफ 2,

  • जबकि अन्य के खिलाफ एक-एक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि पुलिस बल की छवि और अनुशासन सर्वोपरि है। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों से निकटता या सार्वजनिक रूप से संपर्क गंभीर सेवा आचरण उल्लंघन माना जाता है।

    Previous
    Next

    Related Posts