Saturday, 14 February 2026

ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’: प्रतापगढ़ में झोपड़ी से चल रही MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, ₹1.60 करोड़ की बरामदगी


ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’: प्रतापगढ़ में झोपड़ी से चल रही MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, ₹1.60 करोड़ की बरामदगी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में बनी एक झोपड़ी से संचालित एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 01 किलो 897 ग्राम अवैध एमडी बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में ड्रग्स बनाने के उपकरण—इंडक्शन कुकर, मिक्सर, हीटर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा—भी जब्त किए गए।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में हथुनिया थाना पुलिस ने असावता–कुलथाना मार्ग पर सुनसान खेत में दबिश दी। सीमेंट की चद्दरों से बनी झोपड़ी के भीतर आधुनिक सेटअप के जरिए नशीला पदार्थ तैयार किया जा रहा था। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट के तार सामने आए हैं।

दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मुराद खान पठान (28), निवासी असावता (प्रतापगढ़) और मोहम्मद जुनेद (48), निवासी मेहसाणा (गुजरात) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पिछले दो दिनों से मौके पर ड्रग्स तैयार कर रहे थे। वहीं जीवन आंजना (प्रतापगढ़) और शरीक उर्फ जेरी (उज्जैन, म.प्र.) अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।

हथियार और वाहन भी जब्त

मुख्य आरोपी मुराद खान के कब्जे से एक लोडेड पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए। तस्करी में प्रयुक्त एक यामाहा मोटरसाइकिल और एक कार भी जब्त की गई है। मुराद खान पर पूर्व में हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज होने की जानकारी है।

टीम का नेतृत्व और आगे की जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी उदयवीर सिंह ने रेड का नेतृत्व किया। टीम में एएसआई मनोहर सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार, कांस्टेबल मुकेश, गिरीश चंद, भगवती लाल और चालक गणपत शामिल रहे। पुलिस अब सप्लाई चेन की जांच कर रही है कि तैयार माल किन शहरों में भेजा जाना था।

Previous
Next

Related Posts