



बाप (बीकानेर)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बीकानेर की कार्रवाई के बाद बाप क्षेत्र की ग्राम पंचायत उदट में कार्यरत कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पंचायतीराज विभाग के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विकास अधिकारी कैलाश कुमार पंचारिया ने निलंबन आदेश जारी किए। विकास अधिकारी के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एसीबी की छापेमारी और प्राथमिक जांच के बाद यह कदम उठाया गया है।
शुभकरण परिहार वर्तमान में ग्राम पंचायत उदट में एलडीसी (कनिष्ठ सहायक) पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व वे ग्राम पंचायत कानासर में पदस्थापित रहे थे। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को एसीबी टीम ने कानासर ग्राम पंचायत पहुंचकर कर्मचारियों से एलडीसी की कार्यशैली, विभिन्न योजनाओं के प्रभार और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर पूछताछ की थी। पूर्व में दर्ज शिकायतों के आधार पर बीकानेर सहित अन्य स्थानों पर उनके आवास, कृषि भूमि और संबंधित परिसंपत्तियों की भी जांच की गई।
बताया गया है कि शुभकरण परिहार लगभग 14 माह तक कानासर ग्राम पंचायत में और पिछले करीब नौ माह से उदट ग्राम पंचायत में कार्यरत थे। विभागीय स्तर पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
एसीबी की तलाशी के दौरान बीकानेर स्थित मातेश्वरी एन्क्लेव कॉलोनी (वैष्णोधाम के सामने) और गंगाशहर के बागीनाड़ा क्षेत्र में अलग-अलग मकानों से करीब 75 लाख रुपये नकद, लगभग एक किलो सोना और दो किलो चांदी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आरोपी के पास बीकानेर शहर में तीन बेशकीमती मकान, पैतृक गांव में एक आलिशान मकान तथा करीब 17 हेक्टेयर कृषि भूमि होने की भी पुष्टि हुई है।
एसीबी अब बरामद संपत्तियों का मूल्यांकन कर रही है और आय के ज्ञात स्रोतों के मुकाबले संपत्ति का आकलन किया जा रहा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।