


झुंझुनूं। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा शनिवार सुबह एक बड़े सड़क हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। घटना झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी घाट के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार निजी कार अनियंत्रित होकर उनके सुरक्षा काफिले में घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एस्कॉर्ट वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री का काफिला जयपुर से झुंझुनूं की ओर जा रहा था। जब काफिला उदयपुरवाटी के घुमावदार घाट सेक्शन से गुजर रहा था, तभी एक निजी वाहन ने नियंत्रण खो दिया और काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी से टकरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर अचानक हुई और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, काफिले से टकराने वाली कार भाजपा नेता जेपी खटाना की बताई जा रही है। बताया गया कि उनकी कार अचानक काफिले के बीच में आ गई, जिससे एस्कॉर्ट वाहन उससे भिड़ गया। हादसे के समय उपमुख्यमंत्री की मुख्य गाड़ी आगे निकल चुकी थी, जिससे वे पूरी तरह सुरक्षित रहे। टक्कर में दोनों वाहनों की हेडलाइट्स और अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उपमुख्यमंत्री की गाड़ी को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और काफिले के अन्य वाहनों की स्थिति की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की गंभीर साजिश की आशंका नहीं जताई गई है।
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा शनिवार को झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी में एक निजी शिक्षण संस्थान के वार्षिकोत्सव में शामिल होने जा रहे थे। सुबह 10:30 बजे उनका कार्यक्रम निर्धारित था और दोपहर 12:30 बजे जयपुर वापसी तय थी। हादसे के बावजूद उन्होंने अपना कार्यक्रम जारी रखा।
विडंबना यह रही कि हादसे से कुछ ही मिनट पहले एनएच-52 पर रींगस में उनका जोरदार स्वागत किया गया था। विधायक सुभाष मील के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सालासर होटल के सामने उनका अभिनंदन किया था। स्वागत समारोह में विशाखा कुमावत, राजेंद्र भातरा और आयुष कानूनगो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।