Saturday, 14 February 2026

चाकसू सड़क हादसा: ट्रेलर में घुसी कार, महिला सहित 5 श्रद्धालुओं की मौत


चाकसू सड़क हादसा: ट्रेलर में घुसी कार, महिला सहित 5 श्रद्धालुओं की मौत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। कोटा–जयपुर नेशनल हाईवे (NH-52) पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में महिला सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चाकसू के टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह गाड़ी में फंस गए।

चाकसू थाना एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे

पुलिस के मुताबिक मृतक सभी लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी थे। वे उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर के लिए रवाना हुए थे। मृतकों की पहचान रेशमा श्रीवास्तव (55) पत्नी अखिलेश श्रीवास्तव, पीयूष राय पुत्र राजेश राय, रजक राहुल पुत्र बबलू रजक, ड्राइवर अनुराग (25) और शानू के रूप में हुई है। रजक राहुल जबलपुर सिटी के खेरमाई मंदिर क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

हाईवे पर लगा जाम

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना थाना सेकेंड के जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्राथमिक रूप से ड्राइवर की झपकी को हादसे का कारण माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts