Saturday, 07 February 2026

ईडी केस में पूर्व विधायक बलजीत यादव न्यायिक हिरासत में भेजा, गिरफ्तारी को बताया अवैध


ईडी केस में पूर्व विधायक बलजीत यादव न्यायिक हिरासत में भेजा, गिरफ्तारी को बताया अवैध

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जयपुर क्षेत्रीय इकाई ने शुक्रवार को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पूर्व विधायक बलजीत यादव को जयपुर की विशेष अदालत में पेश किया। यह सुनवाई PMLA मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत, CBI कोर्ट संख्या-3 में खगेन्द्र कुमार शर्मा की अदालत में हुई।

ईडी की ओर से अधिवक्ता अपेक्षा तिवारी ने अदालत से पूर्व विधायक को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की। सुनवाई के दौरान अदालत ने केस डायरी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, लेकिन ईडी की ओर से तत्काल केस डायरी उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी गई। इस पर अदालत ने केस डायरी मंगवाने के आदेश दिए और भोजनावकाश के बाद पुनः सुनवाई शुरू हुई।

सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने ईडी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ को लेकर पूर्व विधायक से सवाल किए और जांच की प्रगति से संबंधित जानकारी ली। वहीं, पूर्व विधायक की ओर से ईडी की गिरफ्तारी को अवैध और गैरकानूनी बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। अदालत में बलजीत यादव ने कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से फंसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने ईडी के हर समन का जवाब दिया है और उनके खातों में कोई संदिग्ध राशि नहीं आई, इसके बावजूद उनकी गिरफ्तारी की गई।

पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि विधायक का सीधे तौर पर फंड के संचालन में कोई रोल नहीं होता, फिर भी उन्हें उनके विधानसभा क्षेत्र से गिरफ्तार कर जानबूझकर विवाद खड़ा किया गया ताकि उन्हें “विलेन” के रूप में पेश किया जा सके।

इसके अलावा, पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर में हुई नारेबाजी को लेकर अदालत ने नाराजगी जताई। इस पर बलजीत यादव ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि नारेबाजी किसने की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अदालत का पूरा सम्मान करते हैं और जिन्होंने ऐसा किया, उन्होंने जानबूझकर स्थिति को बिगाड़ने का प्रयास किया।

लंबी बहस और दलीलों के बाद अदालत ने पूर्व विधायक बलजीत यादव को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। साथ ही, गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर ईडी को 9 फरवरी तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में अगली सुनवाई 10 फरवरी को होगी। फिलहाल, पूर्व विधायक बलजीत यादव न्यायिक हिरासत में रहेंगे और आगे की कानूनी प्रक्रिया आगामी सुनवाई में तय होगी।

Previous
Next

Related Posts